पति की वफादारी पर शक हुआ तो पत्नी बनी फेक गर्लफ्रेंड, रंगे हाथों पकड़ा
-l-thumb.jpeg)
ग्वालियर, 15 मई 2025: ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पत्नी ने अपने पति की वफादारी पर शक होने पर सोशल मीडिया का सहारा लिया और उसे खुद ही फेक प्रोफाइल बनाकर रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह मामला माधौगंज क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय महिला की शादी वर्ष 2021 में एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करने वाले युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पत्नी को पति की हरकतों पर शक होने लगा। वह देर रात तक मोबाइल में व्यस्त रहता था और उसका फोन हमेशा लॉक रहता था, जिससे शक और गहराता गया।
पति की सच्चाई जानने के लिए पत्नी ने एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई और एक नए नंबर से व्हाट्सएप चालू किया। उसने उस प्रोफाइल से पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और धीरे-धीरे बातों का सिलसिला शुरू हो गया। करीब दो महीने तक पति उस फेक प्रोफाइल को ही अपनी गर्लफ्रेंड समझकर उससे बातचीत करता रहा। इस दौरान उसने खुद को कुंवारा और एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाला बताया।
आखिरकार पत्नी ने पति से मिलने की योजना बनाई। जैसे ही पति बताई गई जगह पर पहुंचा और सामने अपनी ही पत्नी को देखा, तो वह हैरान रह गया। वहीं पर दोनों के बीच बहस हो गई और मामला महिला थाने तक पहुंच गया।
करीब एक महीने की काउंसलिंग और समझाइश के बाद दोनों के बीच सुलह हो सकी और अब उनका रिश्ता बच गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों अब साथ रहने को तैयार हैं और आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।